लालकुआं – जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्दूचौड़ चौकी पुलिस ने आपसी विवाद और मारपीट कर शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 जून 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम खड़कपुर स्थित काली मंदिर के पास दो पक्षों के बीच शराब के नशे में विवाद और मारपीट हो रही है।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्र थी। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि दोनों पक्षों के लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे और क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।

पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने और विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन संबंधित लोग लगातार उग्र होते गए और किसी भी प्रकार की समझाइश मानने को तैयार नहीं हुए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में विजय कुमार (24 वर्ष), अमित कुमार (33 वर्ष), कृष्णा आर्या (33 वर्ष), विजय आर्या (34 वर्ष) तथा प्रकाश राम (34 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम खड़कपुर, हल्दूचौड़ क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। गिरफ्तार व्यक्तियों को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी, कांस्टेबल उमेश गिरी, कांस्टेबल मनीष कुमार और कांस्टेबल कबैर सिंह शामिल रहे।

