अल्मोड़ा – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा जनपद में लगभग 138 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, नगर विकास और ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य के तहत प्रदेशभर में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा व्यवस्था और पेयजल योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अल्मोड़ा जनपद सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन रोकने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिल सके।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, एसएसपी चंद्रशेखर आर घोड़के सहित जनप्रतिनिधि, विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

