उत्तराखण्ड ज़रा हटके लालकुआं

रामनगर रेलवे स्टेशन जल्द होगा आधुनिक सुविधाओं से लैस, डीआरएम ने परखा विकास कार्य

ख़बर शेयर करें -

बरेली – पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वीणा सिन्हा ने मंगलवार को मंडल के शाखा अधिकारियों के साथ इज्जतनगर–रामनगर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा मानकों, यात्री सुविधाओं तथा चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम सबसे पहले पंतनगर रेलवे स्टेशन पहुंचीं, जहां उन्होंने स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और रखरखाव व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्टेशन की साफ-सफाई और रखरखाव के उच्च मानकों को बनाए रखने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  एसएसपी मंजूनाथ की कलाई पर सजा रक्षा सूत्र, ब्रह्माकुमारी बहनों ने बांधी राखी

इसके बाद डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए जा रहे रामनगर रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांग सहायता सहयोग बूथ, पुनर्विकसित आरक्षण भवन, स्टेशन पैनल कक्ष और विभिन्न संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

रेल अधिकारियों ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रामनगर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य लगभग पूरा हो चुका है। परियोजना के तहत आधुनिक स्टेशन भवन, आकर्षक फसाड, उच्चीकृत प्लेटफॉर्म, मॉडर्न टॉयलेट ब्लॉक, नया आरक्षण भवन, जीआरपी पोस्ट, सुव्यवस्थित सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश एवं निकास द्वार, जल निकासी व्यवस्था, प्लेटफॉर्म शेल्टर, आधुनिक साइनेज, एलईडी लाइटिंग तथा पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

यह भी पढ़ें 👉  सीएम के सामने खुलकर बोले युवा, सवालों और विचारों से सजा ‘युवा मंथन’

दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए स्टेशन पर टैक्टाइल पाथ, सुलभ टिकट काउंटर, दिव्यांग-अनुकूल शौचालय, पेयजल बूथ, रैंप, आरक्षित पार्किंग और सहायता के लिए विशेष सहयोग बूथ भी स्थापित किए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  बच्चों की सुरक्षा को लेकर आयोग सख्त, योगेश रजवार ने अभिभावकों को किया जागरूक

रामनगर रेलवे स्टेशन परिसर में स्थापित हाथी और बाघ की आकर्षक प्रतिमाएं भी यात्रियों और पर्यटकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। स्टेशन पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम वीणा सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्री सुविधाओं, सुरक्षा मानकों और विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।