भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा चुनाव 2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। यह चुनाव उन सदस्यों के स्थान पर कराया जा रहा है, जिनका कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त हो रहा है। देश के 10 राज्यों की कुल 37 सीटों पर चुनाव होगा, जिससे सियासी हलचल तेज हो गई है और राजनीतिक दलों ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 26 फरवरी 2026 को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च तय की गई है, जबकि 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 9 मार्च तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। सभी सीटों पर मतदान 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना भी शुरू कर दी जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 मार्च 2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी।
ये चुनाव महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश की सीटों के लिए होंगे। राज्यवार सीटों में महाराष्ट्र में सबसे अधिक 7 सीटें, तमिलनाडु में 6, पश्चिम बंगाल और बिहार में 5-5, ओडिशा में 4, असम में 3, छत्तीसगढ़, हरियाणा और तेलंगाना में 2-2 तथा हिमाचल प्रदेश में 1 सीट पर मतदान होगा।

राजनीतिक दलों के बीच रणनीति बनाने और समीकरण साधने की कवायद तेज हो गई है। इन चुनावों के नतीजे आने वाले समय में संसद के ऊपरी सदन की राजनीतिक तस्वीर तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

