हल्द्वानी – जनपद में सट्टा एवं जुआ गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर सट्टे की खाईबाड़ी कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सट्टा पर्चियां, नकदी और अन्य सामग्री बरामद कर उसके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर संचालित अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग एवं शांति व्यवस्था ड्यूटी पर थी।
इसी दौरान पुलिस ने गौला बाईपास रोड पर सार्वजनिक स्थान पर सट्टे की खाईबाड़ी करते हुए समीर पुत्र शरीफ (31 वर्ष) निवासी लाइन नंबर-17, शमा होटल वालों के घर के पीछे, थाना बनभूलपुरा को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से सट्टा पर्चियां, पेन, गत्ता तथा 1,520 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर कोतवाली बनभूलपुरा में मु0अ0सं0 116/2026 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल लक्ष्मण राम एवं कांस्टेबल शिवम कुमार शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में सट्टा, जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

