उत्तराखण्ड क्राइम हल्द्वानी

दमुवाढूंगा में पुलिस-एसओजी का छापा, लाखों की चरस बरामद, आरोपी दबोचा गया

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नैनीताल पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में काठगोदाम पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग दो किलो से अधिक अवैध चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में थाना पुलिस और एसओजी टीम द्वारा संयुक्त चेकिंग अभियान संचालित किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  स्थानीय प्रजातियों पर फोकस, टांडा रेंज में बड़े पैमाने पर होगा पौधारोपण

मंगलवार को दमुवाढूंगा क्षेत्र की जगन्नाथ कॉलोनी में विजन फ्यूचर कोचिंग के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने इन्द्रजीत सिंह पुत्र स्वर्गीय नारायण दास निवासी हरिपुर कर्नल वार्ड, काठगोदाम को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 14 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई। पुलिस के अनुसार बरामद चरस की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।

बरामदगी के आधार पर थाना काठगोदाम में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार: अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, अवैध हथियार के साथ गिरफ्तारी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गमले बेचने का काम करता है और मजदूरी व खेती-बाड़ी से जुड़ा कार्य भी करता है। उसने बताया कि बरामद चरस उसे उसके एक परिचित व्यक्ति ने बिक्री के लिए दी थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में विधिक जागरूकता शिविर, बाल श्रम कानूनों की दी जानकारी

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2010 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है। अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कुमकुम धानिक, कांस्टेबल टीकाराम, एसओजी के कांस्टेबल अशोक रावत और भानु प्रताप शामिल रहे।