हल्द्वानी – जनपद नैनीताल में एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लालकुआं और चोरगलिया पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी/लालकुआं अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की।
चोरगलिया पुलिस की कार्रवाई
थानाध्यक्ष तारा सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने शक्तिफार्म, सितारगंज निवासी तपन मालदार को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से करीब 80 लीटर अवैध कच्ची शराब, जिसमें 161 पाउच शामिल थे, बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल जगदीश कुमार, कांस्टेबल भारत भूषण, शैलेंद्र सिंह और जितेंद्र सिंह शामिल रहे।
लालकुआं पुलिस की कार्रवाई
वहीं दूसरी ओर प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में हल्दूचौड़ क्षेत्र में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने बिंदुखत्ता निवासी राम सिंह कुँवर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 54 पेटी देशी मसालेदार शराब तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त एक इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई में उप निरीक्षक अर्जुन गिरी, कांस्टेबल कुबेर सिंह और गुरमेज सिंह शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस ने कहा है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कारोबारियों और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

