चोरगलिया – जनपद नैनीताल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत चोरगलिया पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध कच्ची शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में कच्ची शराब बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशों के क्रम में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 को क्षेत्र में सुरागरसी-पतारसी एवं सघन गश्त के दौरान दानीबंगर वन बैरियर गेट से दूसरे मोड़ बौरा डांट बैण्ड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे से 50 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद हुई, जिसकी मात्रा लगभग 17 लीटर बताई गई है।

पूछताछ में आरोपी की पहचान कमलेश पाण्डे पुत्र कामदेव पाण्डे निवासी रतनपुर नेगी, थाना चोरगलिया, जनपद नैनीताल के रूप में हुई। आरोपी की उम्र 29 वर्ष बताई गई है।
बरामदगी के आधार पर थाना चोरगलिया में आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 25/2026 के तहत धारा 60(1) आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब, मादक पदार्थों और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल मलखान सिंह, कांस्टेबल उत्तम सिंह और कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह शामिल रहे।

