देहरादून – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड दौरा एक बार फिर प्रस्तावित हुआ है। संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को राज्य पहुंच सकते हैं, हालांकि अभी तक पीएमओ की ओर से आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
प्रदेश सरकार ने प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी संकेत दिए हैं कि प्रधानमंत्री जल्द उत्तराखंड आएंगे और कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात देंगे।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री देहरादून में दून-दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे सहित कई बड़ी योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर सकते हैं। इसके अलावा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट का लोकार्पण, पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार योजना और बनबसा लैंड पोर्ट परियोजना का शिलान्यास भी कार्यक्रम में शामिल हो सकता है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री का पहले 4 अप्रैल को उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित था, लेकिन अन्य राज्यों में चुनावी व्यस्तता के चलते कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। अब नए सिरे से 14 अप्रैल को दौरे की संभावनाएं जताई जा रही हैं। प्रदेश सरकार और प्रशासन स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, वहीं आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

