उत्तराखण्ड ज़रा हटके

रुद्रपुर समेत 7 स्थानों पर राष्ट्रीय लोक अदालत, जनता को मिलेगा तुरंत न्याय….

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के तहत 09 मई 2026 (द्वितीय शनिवार) को जनपद ऊधम सिंह नगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण योगेन्द्र कुमार सागर ने दी।

उन्होंने बताया कि यह लोक अदालत प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक रुद्रपुर स्थित जिला न्यायालय के साथ-साथ काशीपुर, खटीमा, बाजपुर, जसपुर, सितारगंज और किच्छा के दीवानी न्यायालयों में आयोजित होगी। इस दौरान विभिन्न प्रकार के मामलों का त्वरित और आपसी सहमति से निस्तारण किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व.राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर मरीजों को फल वितरित, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन मामलों के तहत भरण-पोषण, धन वसूली, श्रम विवाद, बिजली और पानी के बिल, धारा 138 एनआई एक्ट से जुड़े मामले, शमनीय आपराधिक व सिविल मामलों का समाधान किया जाएगा। इसके अलावा न्यायालयों में लंबित मामलों जैसे मोटर दुर्घटना प्रतिकर, श्रम विवाद, वैवाहिक मामले (तलाक को छोड़कर), भूमि अधिग्रहण, सेवा संबंधी विवाद, राजस्व वाद, मोटर वाहन अधिनियम के चालान और अन्य सिविल मामलों का भी निस्तारण किया जाएगा।

सचिव ने आमजन से अपील की है कि जो लोग अपने मामलों का शीघ्र निपटारा चाहते हैं, वे संबंधित न्यायालय में किसी भी कार्य दिवस पर आवेदन कर सकते हैं या जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर केंद्र में स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार में नैनीताल पुलिस की बड़ी सफलता, गैंगस्टर एक्ट का वांछित गन्नू गिरफ्तार

अधिक जानकारी के लिए नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रपुर के हेल्प डेस्क नंबर 9411531449, फोन नंबर 05944-250682 या ईमेल dlsausnagar@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  निर्वाचन विभाग की तैयारी तेज, एसआईआर कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों ने दिए निर्देश