उत्तराखण्ड देहरादून सियासत

सेवा, सहयोग और संवेदना का संदेश, सीएम धामी ने ली रेडक्रास सदस्यता….

ख़बर शेयर करें -

देहरादून – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानवता और सेवा के क्षेत्र में कार्यरत भारतीय रेडक्रास सोसाइटी की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर भारतीय रेडक्रास सोसाइटी की राज्य मैनेजिंग कमेटी ने महासचिव जे.एन. नौटियाल एवं चेयरमैन ओंकार बहुगुणा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेडक्रास सोसाइटी द्वारा मानवता की सेवा, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंदों तक त्वरित सहायता पहुंचाने में रेडक्रास की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि रेडक्रास ने समय-समय पर आपदाओं, महामारी और आपात स्थितियों में सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी की खतरनाक सड़कें: जनता और प्रशासन के लिए चेतावनी….

सीएम धामी ने प्रदेश में रेडक्रास की गतिविधियों को और अधिक व्यापक, सशक्त एवं प्रभावी बनाने पर बल देते हुए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक आपदा-संवेदनशील राज्य है, ऐसे में रेडक्रास जैसी संस्थाओं के साथ समन्वय कर मानवीय सेवा कार्यों को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने समाज के अधिक से अधिक लोगों को सेवा, सहयोग और मानवीय कार्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित करने का भी आह्वान किया, ताकि जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके। इस अवसर पर भारतीय रेडक्रास सोसाइटी की मैनेजिंग कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष सतीश पिंगल एवं रेडक्रास के ब्रांड एंबेसडर मनीष कसनियाल भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें 👉  ऊर्जा निगमों में हड़ताल पर रोक: यूपीसीएल-पिटकुल-यूजेवीएनएल में एस्मा लागू.........