हल्द्वानी – 19 फरवरी शहर की मेधावी छात्रा जिज्ञासा गंगवार ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा Joint Entrance Examination – Main (JEE Main) में 99.36 पर्सेंटाइल अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके विद्यालय बल्कि पूरे हल्द्वानी शहर में खुशी और गर्व का माहौल है।
बियरशिबा सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा जिज्ञासा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर यह मुकाम हासिल किया। विद्यालय प्रबंधन ने इसे संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण बताते हुए जिज्ञासा को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय की संस्थापक प्रबंधक निरूपमा भट्ट तलवार, प्रबंधक तिलक राज तलवार, प्रधानाचार्या मीना सती, उप-प्रधानाचार्य एच. एस. बब्बर, प्रशासक निशा सिंह, सलाहकार के. दत्त, विभागाध्यक्ष अनीता बिष्ट तथा कक्षा अध्यापिका शोभा नियोलिया सहित समस्त शिक्षकों ने जिज्ञासा और उनके अभिभावकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिज्ञासा की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है और यह साबित करती है कि सही मार्गदर्शन और सकारात्मक वातावरण में प्रतिभा अवश्य निखरती है।

इस अवसर पर जिज्ञासा ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के सहयोगी शैक्षणिक माहौल, शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के निरंतर प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके परिवार और शिक्षकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि जिज्ञासा भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।

