हल्द्वानी – नैनीताल बैंक में बंधक रखी जमीन को अवैध रूप से दोबारा बेचकर 1.35 करोड़ रुपये का लोन हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अदालत के आदेश के बाद आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
मामले के अनुसार, लालकुआं के किशनपुर सरकुलिया निवासी सुरेश चंद्र जोशी और उनकी पत्नी सरिता जोशी ने वर्ष 2020 में किशनपुर सरकुलिया व हल्द्वानी के बमौरी मल्ली क्षेत्र की कुल 415.43 वर्ग मीटर जमीन नैनीताल बैंक में बंधक रखकर 1.35 करोड़ रुपये का ऋण लिया। आरोप है कि ऋण लेने के करीब आठ माह बाद ही उन्होंने उसी जमीन का अवैध रूप से दूसरे व्यक्ति के नाम बैनामा कर दिया।
जब 30 मार्च 2024 को लोन खाता एनपीए घोषित हुआ और बैंक ने जांच शुरू की, तब इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। बैंक द्वारा नोटिस भेजे जाने के बावजूद आरोपियों की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। जांच में सामने आया कि किशनपुर सरकुलिया की जमीन को गलत तथ्यों के आधार पर नवंबर 2020 में बेच दिया गया था।

बैंक के शाखा प्रबंधक सुरेश चंद्र ने जनवरी 2025 में एसएसपी और हल्द्वानी कोतवाली में शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर मामला अदालत में पहुंचा। एसीजेएम के आदेश के बाद मंगलवार रात पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

