उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

41 साल की सेवा के बाद भावुक विदाई, नैनीताल पुलिस परिवार ने 6 कर्मियों को किया सम्मानित

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – नैनीताल पुलिस परिवार में अपनी दीर्घ, निष्कलंक एवं सराहनीय सेवाएं पूर्ण करने वाले छह पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सोमवार को कोतवाली हल्द्वानी के सभागार में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सेवानिवृत्त हो रहे सभी कर्मियों को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने संबोधन में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। उन्होंने सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदार सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि विभाग उनके योगदान को सदैव याद रखेगा।

उन्होंने जीवन की नई पारी के लिए प्रेरक संदेश देते हुए कहा, “अब जीवन में ‘Retire’ नहीं बल्कि ‘Rewire’ होने का समय है। विभागीय जिम्मेदारियों के कारण जो कार्य अधूरे रह गए, अब उन्हें पूरा करने का अवसर है। अपनी रुचियों और पैशन को अपनाइए, परिवार के साथ अधिक समय बिताइए, स्वस्थ जीवनशैली अपनाइए, पौष्टिक भोजन की आदत विकसित कीजिए, अपनी जमा-पूंजी का सही उपयोग कीजिए और जीवन का भरपूर आनंद लीजिए। अब यह समय स्वयं के लिए जीने का है।”

समारोह की शुरुआत सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों के सम्मान के साथ हुई। इस दौरान उनके परिजनों एवं सहकर्मियों ने लंबे सेवाकाल की यादों को साझा किया। विदाई ले रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने सेवा जीवन के खट्टे-मीठे अनुभव सुनाए, जिससे समारोह का माहौल कुछ समय के लिए भावुक हो गया।

यह भी पढ़ें 👉  पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

समारोह में सम्मानित सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों का विवरण इस प्रकार है—

1. उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) दान सिंह मेहता (अधिवर्षता सेवानिवृत्त)
दान सिंह मेहता ने 1 अक्टूबर 1984 को 23वीं वाहिनी पीएसी, मुरादाबाद से अपनी सेवा प्रारंभ की थी। उन्होंने 41 वर्ष 8 माह 29 दिन तक निष्कलंक एवं समर्पित सेवाएं दीं। उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें स्वतंत्रता दिवस 2024 पर सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से भी सम्मानित किया गया। जनपद नैनीताल में वे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पेशकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

यह भी पढ़ें 👉  राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस पर प्रो. महालनोबिस को किया याद, डेटा की गुणवत्ता पर हुई चर्चा

2. अपर उपनिरीक्षक चालक सतीश चन्द्र पाठक (स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति)
सतीश चन्द्र पाठक ने 1 नवंबर 1986 को 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर से सेवा प्रारंभ की थी। करीब 39 वर्ष 7 माह 29 दिन की उत्कृष्ट सेवा देने के बाद उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ग्रहण की।

3. अपर उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) श्रीमती जानकी डोबाल (अधिवर्षता सेवानिवृत्त)
श्रीमती जानकी डोबाल ने 31 दिसंबर 1986 को जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) से पुलिस सेवा में प्रवेश किया था। उन्होंने लगभग 39 वर्ष 6 माह तक पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

4. अपर उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) श्रीमती कृष्णा बिष्ट (अधिवर्षता सेवानिवृत्त)
श्रीमती कृष्णा बिष्ट ने 1 फरवरी 1989 को जनपद पौड़ी गढ़वाल में महिला कांस्टेबल के पद से सेवा शुरू की थी। उन्होंने 37 वर्ष 4 माह 29 दिन तक विभाग को अपनी उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कीं।

5. फार्मासिस्ट पुष्कर राम लोहिया (अधिवर्षता सेवानिवृत्त)
पुष्कर राम लोहिया ने 21 अगस्त 1992 को जनपद मुरादाबाद से अपनी सेवा प्रारंभ की थी। उन्होंने विभिन्न जनपदों के पुलिस चिकित्सालयों में 33 वर्ष 10 माह 9 दिन तक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं दीं।

यह भी पढ़ें 👉  खेरोला-खड़की सड़क बनेगी, लुगड़-पातीजाला मार्ग होगा चकाचक; मंत्री कैड़ा ने दी सौगात

6. अनुचर पूरन प्रसाद (अधिवर्षता सेवानिवृत्त)
पूरन प्रसाद ने 1 सितंबर 1997 को जनपद नैनीताल में नियुक्ति प्राप्त की थी। उन्होंने 28 वर्ष 9 माह 29 दिन तक पुलिस विभाग में मैस व्यवस्था सहित विभिन्न दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि इन सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने लंबे सेवाकाल में अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका अनुभव और योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

समारोह में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, प्रभारी महिला हेल्पलाइन सुनीता कुंवर सहित अन्य थाना प्रभारी, अधिकारी, पुलिसकर्मी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन उपस्थित रहे। सभी ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय और सफल जीवन की कामना की। अंत में नैनीताल पुलिस परिवार ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया।