देहरादून – धामी सरकार ने कैबिनेट विस्तार के बाद अब दायित्वों का बंटवारा शुरू कर दिया है। शुक्रवार को विभिन्न आयोगों, परिषदों और समितियों में 14 वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस संबंध में गृह एवं गोपन सचिव शैलेश बगौली द्वारा आदेश जारी किए गए।
सरकार की ओर से जारी सूची के अनुसार देहरादून के कुलदीप सुटोला को राज्य स्तरीय खेल परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नैनीताल के ध्रुव रौतेला को मीडिया सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
चंपावत की हरिप्रिया जोशी को राज्य महिला आयोग, टिहरी के विनोद सुयाल को राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद और चंपावत के मुकेश महराना को चाय विकास सलाहकार परिषद में जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा देहरादून की चारु कोठारी को राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद, चमोली के प्रेम सिंह राणा को जनजाति आयोग, टिहरी के खेम सिंह चौहान को ओबीसी कल्याण परिषद, टिहरी की सोना सजवाण को जड़ी-बूटी सलाहकार समिति में स्थान मिला है।
अल्मोड़ा के गोविंद पिलखवात को हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद, देहरादून के बलजीत सोनी को अल्पसंख्यक आयोग और काशीपुर की सीमा चौहान को मत्स्य विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही वरिष्ठ भाजपा नेता भावना मेहरा और अशोक वर्मा को भी दायित्व सौंपे गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नवनियुक्त दायित्वधारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करेंगे।

