हल्द्वानी – प्रख्यात समाज सुधारक और ‘पर्वतीय अंबेडकर’ के रूप में विख्यात मुंशी हरिप्रसाद टम्टा की पुण्यतिथि कांग्रेस पार्टी द्वारा “सामाजिक न्याय दिवस” के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर स्वराज आश्रम, हल्द्वानी में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ टम्टा जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने उनके सामाजिक न्याय, शिक्षा प्रसार और वंचित वर्गों के उत्थान हेतु किए गए ऐतिहासिक योगदान को स्मरण किया।
सामाजिक न्याय संविधान की आत्मा: सुमित हृदयेश
कार्यक्रम में विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि टम्टा जी ने पर्वतीय क्षेत्रों में सामाजिक चेतना जगाने का जो कार्य किया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय केवल नारा नहीं, बल्कि संविधान की आत्मा है और इसे धरातल पर उतारना हम सभी की जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी सदैव कमजोर, वंचित और शोषित वर्गों की आवाज़ उठाती रही है और आगे भी उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

शिक्षा को माना परिवर्तन का माध्यम
महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि टम्टा जी ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी साधन माना। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने के लिए संघर्ष किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे उनके आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक समरसता और समान अवसर की दिशा में कार्य करें।
अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प
जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि “सामाजिक न्याय दिवस” मनाने का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि देना नहीं, बल्कि उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लेना है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में कांग्रेस संगठन इस दिवस को व्यापक रूप से मना रहा है, ताकि समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
विचार गोष्ठी में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने सामाजिक न्याय, शिक्षा में समान अवसर और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के विषयों पर अपने विचार रखे तथा सामूहिक रूप से सामाजिक समानता के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पंडित हरिप्रसाद, सतीश नैनवाल, ललित जोशी, राजेन्द्र सिंह बिष्ट रज्जी, नरेश अग्रवाल, महेशानंद, यशपाल आर्य, इन्दर पाल आर्य, जगदीश आर्य, एक्स कैप्टन हरीश चंद्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

