देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में जनप्रतिनिधियों और संस्कृति स्कूल के बच्चों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड को सुना।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम जन-जन को प्रेरित करने वाला सशक्त माध्यम है, जो नवाचार, सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उठाए गए विषय समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।
एआई, अंगदान और डिजिटल सुरक्षा पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर आयोजित वैश्विक शिखर सम्मेलन, अंगदान की प्रेरणादायक कहानियों और डिजिटल अरेस्ट जैसी ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने कहा कि एआई जैसे उभरते क्षेत्रों में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और युवाओं को इस दिशा में नवाचार के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही अंगदान जैसे मानवीय कार्य समाज में संवेदनशीलता और जीवनदान की भावना को मजबूत करते हैं।
डिजिटल धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने नागरिकों से जागरूक और सतर्क रहने की अपील की।
बच्चों को मिला प्रेरणा का संदेश
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों ने भी प्रधानमंत्री के विचारों को गंभीरता से सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में सकारात्मक सोच, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी से प्रधानमंत्री के संदेशों को जीवन में उतारने और समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

