उत्तराखण्ड ज़रा हटके हरिद्वार

हरिद्वार में गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस दुर्घटनाग्रस्त, महिला की जान गई, 25 घायल

ख़बर शेयर करें -

हरिद्वार – हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में राजस्थान की एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के दौरान सामने से आ रहा एक डंपर भी नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा, जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार हादसा शांतिकुंज के समीप हाईवे पर हुआ। राजस्थान से आए श्रद्धालुओं का एक दल गंगा स्नान के बाद वापस लौटने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी बस को पीछे किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि बस चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: जंगलों में आग का तांडव, हरियाली के साथ वन्य संपदा को बड़ा नुकसान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस को पलटता देख सामने से आ रहे डंपर चालक ने टक्कर से बचने का प्रयास किया, लेकिन वाहन संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बोलेरो भी डंपर की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद बस में फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा राहत दल भी घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने संयुक्त रूप से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।

यह भी पढ़ें 👉  एसटीएच के पास मेडिकल दुकानों की जांच, नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने 50 वर्षीय पुष्पकंवर पत्नी भंवर सिंह, निवासी नागौर (राजस्थान) को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

यह भी पढ़ें 👉  नरेश पांडे प्रकरण में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, एफआईआर जांच जारी रखने के निर्देश

उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा ने बताया कि आपदा परिचालन केंद्र से सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई थी। बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिनमें 26 लोग घायल हुए हैं। हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है।

शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। प्रारंभिक जांच में बस को बैक करते समय संतुलन बिगड़ने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।