हल्द्वानी – जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में जिला स्तरीय गौशाला स्थापना एवं संचालन अनुश्रवण प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निराश्रित गोवंश के संरक्षण और प्रबंधन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
जिलाधिकारी ने जनपद में विभिन्न स्थानों पर 6 नए गौसदनों की स्थापना और संचालन को मंजूरी देते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र भूमि चयन कर प्रस्ताव तैयार करने और कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
बैठक में मालधन चौड़, गोलापार और कैंचीधाम क्षेत्र में प्रस्तावित गौसदनों की डीपीआर तैयार कर जिला खनिज न्यास निधि से बजट आवंटन की स्वीकृति भी दी गई। डीएम ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि इन प्रस्तावों की पत्रावली शीघ्र प्रस्तुत की जाए।

जिलाधिकारी ने जिला पंचायत द्वारा कैचर लिफ्टिंग वाहन अभी तक न खरीदे जाने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही मालधन चौड़ में गौशाला निर्माण तेजी से शुरू कर ग्रामीण क्षेत्रों के निराश्रित पशुओं को गौसदनों में स्थानांतरित करने को कहा।
नए गौसदनों के लिए गौलापार, भीमताल और खैरना (कैंचीधाम) क्षेत्रों में भूमि चिन्हित करने के निर्देश संबंधित उपजिलाधिकारियों को दिए गए। साथ ही नगर निकायों और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया।
गौलापार में गौसदन निर्माण की जिम्मेदारी जिला पंचायत नैनीताल, भीमताल में नगर पालिका भीमताल और कैंचीधाम क्षेत्र में नगर पालिका भवाली को सौंपी गई।
डीएम ने निराश्रित पशुओं को गौसदनों तक पहुंचाने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया के तहत स्थानीय लोगों को चिन्हित कर प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए। साथ ही गौसदनों के संचालन के लिए जल्द विज्ञप्ति जारी करने और प्राप्त प्रस्तावों को शासन को भेजने को कहा।
उन्होंने कहा कि सरकार की पशु कल्याण योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों तक भी पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. केसी जोशी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

