हल्द्वानी – बनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे अतिक्रमण मामले की आज सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
रेलवे प्रशासन की ओर से भी अतिरिक्त बल मंगाया गया है। इसके अलावा आईआरबी, पीएसी और स्थानीय पुलिस की बड़ी संख्या में तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में निगरानी
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी सी के नेतृत्व में पुलिस व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जा रही है। एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कतियाल ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई को देखते हुए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की नजर अराजक तत्वों पर बनी हुई है और किसी भी प्रकार की उपद्रवी गतिविधि पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ी चौकसी
बनभूलपुरा और आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

