हल्द्वानी – सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को प्राथमिक विद्यालय तल्ली में “आंगन का मिलन” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल बच्चों की शिक्षा और पोषण तक सीमित न रखते हुए माताओं, बच्चों और परिवारों के लिए जागरूकता एवं संवाद का सशक्त मंच बनाया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सात अक्टूबर तक चलने वाला “आंगन का मिलन” अभियान सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनसहभागिता से जुड़ा व्यापक अभियान बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को अभियान का गंभीरता से क्रियान्वयन करने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
टॉपर छात्र-छात्राओं को मिलेगा लैपटॉप
डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक टॉपर छात्र-छात्रा को सरकार की ओर से लैपटॉप दिया जाएगा। वहीं इंटरमीडिएट के बाद डिग्री कॉलेज में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को 51 हजार रुपये की सहायता देने की बात कही।

उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनावों में पहली बार बेटियों को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है।
दो लाभार्थियों को मिले 51-51 हजार के चेक
कार्यक्रम के दौरान गौरा देवी कन्या धन योजना के तहत दो लाभार्थियों को 51-51 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। गोद भराई कार्यक्रम के तहत चार लाभार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें फल वितरित किए गए। चार लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं को सम्मान
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाए। कार्यक्रम की फोटो और वीडियोग्राफी कर विभागीय वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए।
प्राथमिक विद्यालय को मिलेगा अतिरिक्त कक्ष
डॉ. धन सिंह रावत ने प्राथमिक विद्यालय तल्ली, हल्द्वानी में एक अतिरिक्त कक्ष शीघ्र स्वीकृत करने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक के निदेशक निश्चल पांडे, भाजपा महिला युवा मोर्चा अध्यक्ष कंचन भट्ट, मंडल अध्यक्ष युगल शर्मा, पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष मनोज शाह, दिनेश खुल्बे, बाल विकास परियोजना अधिकारी किरण जोशी, जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी पुष्कर लाल टम्टा, खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह, प्रधानाचार्य मीना आर्य, डॉ. ऋचा शुक्ला, डॉ. कृष्ण मुरारी गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, सुपरवाइजर पूनम गोस्वामी सहित विभागीय अधिकारी, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

