उत्तराखण्ड

गौला नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर पुलिस सतर्क, नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित करने के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – पहाड़ों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते गौला नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर है। स्थिति को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बुधवार को काठगोदाम स्थित गौला पुल और बनभूलपुरा क्षेत्र के गौला पुल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को गौला नदी के आसपास रहने वाले लोगों को लगातार सतर्क रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी के जलस्तर और आसपास की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  त्योहारी बाजार पर खाद्य विभाग की पैनी नजर, दूध-घी से लेकर काजू और मिठाइयों के नमूने लिए

एसएसपी ने थानों के पुलिस बल के साथ ही आपदा प्रबंधन टीम और एसडीआरएफ को आवश्यक आपदा उपकरणों के साथ पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौला नदी और पुल के आसपास अनावश्यक रूप से लोगों की आवाजाही न होने दी जाए।

उन्होंने जनपद के सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को भी अलर्ट रहने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने विशेष रूप से नदी-नालों और सड़कों पर तेज बहाव के दौरान वाहन चालकों को सावधानी बरतने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पानी का बहाव अधिक होने की स्थिति में किसी भी वाहन अथवा मोटरसाइकिल को पानी के बीच से पार कराने का प्रयास न किया जाए।

यह भी पढ़ें 👉  बच्चों की सुरक्षा को लेकर आयोग सख्त, योगेश रजवार ने अभिभावकों को किया जागरूक

नैनीताल पुलिस की ओर से आमजन से अपील की गई है कि भारी बारिश के दौरान नदी, नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं। पुलिस और आपदा टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  शराब माफिया पर आबकारी विभाग की नजर, कलियावाला-खाईखेड़ा में दबिश