उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

कुमाऊं में भारी बारिश का अलर्ट, नदी-नालों के किनारे बसे लोगों पर विशेष नजर

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – कुमाऊं मंडल में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की ओर से भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों को एहतियातन पूरी तैयारी रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं।

आयुक्त ने नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन केंद्रों के साथ-साथ तहसील और ब्लॉक स्तर के कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखा जाए।

यह भी पढ़ें 👉  स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कांग्रेस का आक्रोश, ठुकराल समेत कई कार्यकर्ता पुलिस हिरासत में

संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगी जेसीबी

भारी बारिश की संभावना को देखते हुए आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग, सिंचाई, विद्युत, पेयजल निगम, ब्रिडकुल, ग्रामीण निर्माण विभाग समेत सभी कार्यदायी संस्थाओं को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि भूस्खलन और सड़क बाधित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी और पर्याप्त मैनपावर पहले से तैनात रखी जाए। किसी भी मार्ग के बाधित होने की सूचना मिलने पर उसे जल्द से जल्द खोलने की कार्रवाई की जाए।

यह भी पढ़ें 👉  सीएम के सामने खुलकर बोले युवा, सवालों और विचारों से सजा ‘युवा मंथन’

नदी-नालों के किनारे रहने वालों पर विशेष नजर

आयुक्त ने नदियों, नालों और गधेरों के किनारे तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खतरे की स्थिति बनने पर ऐसे परिवारों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही राहत और बचाव अभियान तत्काल शुरू किया जाए तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।

अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

आयुक्त दीपक रावत ने आम लोगों से भी मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं।

यह भी पढ़ें 👉  राष्ट्रीय सियासत तक पहुंचा शुद्धिकरण विवाद, कांग्रेस ने उठाई निष्पक्ष जांच की आवाज

उन्होंने लोगों से प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बारिश की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को तैयार रखा गया है।