उत्तराखण्ड ज़रा हटके रुद्रपुर

स्वर्ण पदक पर आर्ष यादव का लगातार दूसरा कब्जा, रुद्रपुर महाविद्यालय का बढ़ाया गौरव

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर – कुमाऊं विश्वविद्यालय की खेलकूद प्रतियोगिता में सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर के बीए पंचम सेमेस्टर के छात्र आर्ष यादव ने हैमर थ्रो स्पर्धा में लगातार दूसरे वर्ष स्वर्ण पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है।

27 नवंबर 2026 को रुद्रपुर के मनोज सरकार स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। हैमर थ्रो स्पर्धा में आर्ष यादव ने अपने दमदार प्रदर्शन के साथ पिछले वर्ष की सफलता को दोहराते हुए एक बार फिर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

यह भी पढ़ें 👉  “सरस मेले में महिलाओं और युवाओं को मिला स्वरोजगार का मंत्र, उद्योग विभाग ने बताईं योजनाएं”

आर्ष की इस उपलब्धि के पीछे निरंतर अभ्यास, कठिन परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण की अहम भूमिका रही। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय प्रोफेसर डॉ. सर्वजीत सिंह यादव के निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन के साथ महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर रुचि शाह और सहायक प्राध्यापक लोकेश पांडेय के प्रोत्साहन को दिया।

विश्वविद्यालय स्तर पर लगातार दो वर्षों तक स्वर्ण पदक जीतना आर्ष यादव की खेल प्रतिभा और निरंतरता को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि को महाविद्यालय के साथ ही ऊधमसिंह नगर जिले के लिए भी गौरवपूर्ण माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  वोट डालने से पहले जानिए मशीन की पूरी प्रक्रिया, नैनीताल में शुरू हुआ ईवीएम जागरूकता अभियान

उल्लेखनीय है कि आर्ष यादव के पिता अनुराग सिंह उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत हैं और वर्तमान में कोतवाली जसपुर में थाना प्रभारी के पद पर तैनात हैं। आर्ष की सफलता पर महाविद्यालय परिवार और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और खेल जगत में आगे भी बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।