उत्तराखण्ड क्राइम हल्द्वानी

गीजर ठीक करने आया शख्स निकला चोर, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज – गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – घर में गीजर ठीक करने के बहाने पहुंचकर अलमारी से सोने के जेवर चोरी करने के मामले का हल्द्वानी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 33 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब पांच तोले वजन के सोने के दो कड़े और 2 लाख 29 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  सड़कों की मरम्मत से मंदिरों के सौंदर्यीकरण तक, मुख्यमंत्री के सामने रखे भीमताल के मुद्दे

पुलिस के मुताबिक, गुरुनानकपुरा निवासी अतुल नागपाल पुत्र स्वर्गीय यशपाल नागपाल ने 25 नवंबर 2026 को कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को आसिफ नाम का व्यक्ति उनके घर गीजर ठीक करने के बहाने आया था। आरोप है कि इसी दौरान उसने घर की अलमारी में रखे सोने के जेवर चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 400/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(4) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

यह भी पढ़ें 👉  चोरगलिया में कच्ची शराब के अवैध कारोबार पर पुलिस का प्रहार, 150 पाउच बरामद

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को जल्द घटना का खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक रोहताश सागर के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही सुरागरसी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की।

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद निवासी लाइन नंबर-18, आजाद नगर, चोरगलिया रोड, थाना बनभूलपुरा, नैनीताल के रूप में हुई। पुलिस टीम ने 26 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए पीली धातु के दो कड़े, जिनका वजन करीब पांच तोले बताया गया है, तथा 2 लाख 29 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

यह भी पढ़ें 👉  जनसुनवाई बनी राहत का मंच, आयुक्त दीपक रावत ने शिकायतों पर मौके पर लिया एक्शन

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।