उत्तराखण्ड ज़रा हटके देहरादून

जलागम परियोजना से ग्रामीण परिवारों को मिलेगा रोजगार का सहारा, सात हजार परिवारों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य

ख़बर शेयर करें -

देहरादून – उत्तराखंड में ग्रामीण क्षेत्रों के कमजोर और निर्बल वर्ग के परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जलागम विभाग स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रहा है। उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना के तहत पात्र परिवारों को व्यक्तिगत और सामूहिक स्तर पर आर्थिक सहायता दी जा रही है। परियोजना के माध्यम से करीब सात हजार परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि परियोजना का उद्देश्य वर्षा आधारित कृषि क्षेत्रों में कृषि एवं औद्यानिकी को बढ़ावा देने के साथ ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन को कम करना है। इसके अतिरिक्त समाज के कमजोर वर्गों को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की पहल भी की जा रही है। ग्राम पंचायत स्तर पर व्यक्तिगत लाभार्थियों और समूहों को उनकी आजीविका संबंधी गतिविधियों के लिए सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  दूरस्थ गांवों तक पहुंचा श्रमिक कल्याण का लाभ, पंजीकृत श्रमिकों को बांटी सामग्री

व्यक्तिगत को 35 हजार, समूहों को 1.20 लाख तक की मदद

मंत्री ने बताया कि परियोजना के तहत व्यक्तिगत लाभार्थियों को 35 हजार रुपये तथा समूहों को अधिकतम एक लाख 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। व्यक्तिगत लाभार्थी इस धनराशि से मधुमक्खी पालन, प्लंबिंग, इलेक्ट्रिशियन का काम, मुर्गी पालन, बकरी पालन और घराट संचालन जैसे स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं। वहीं समूहों को बैंड पार्टी, टेंट हाउस, फल संरक्षण, अचार निर्माण और मछली पालन जैसी गतिविधियों के लिए सहयोग दिया जा रहा है। कई ग्रामीण परिवार इस योजना का लाभ भी उठा चुके हैं।

यह भी पढ़ें 👉  कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने भरा स्व-गणना फॉर्म, बोले—देश के विकास की आधारशिला है जनगणना

खुली ग्रामसभा में होगा लाभार्थियों का चयन

योजना के लाभार्थियों का चयन ग्रामसभा की खुली बैठक में आर्थिक वर्गीकरण के आधार पर किया जाता है, ताकि सहायता जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच सके। यह परियोजना नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जनपदों के 15 विकासखंडों की 519 ग्राम पंचायतों में संचालित की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  कैंची धाम जाने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान, 21-22 नवंबर को कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि परियोजना का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होने से ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चयनित लाभार्थियों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।