खन्स्यू/भीमताल – समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय और उसके अधिकारों का लाभ पहुंचना ही न्याय की वास्तविक सार्थकता है। भौगोलिक दूरी और आर्थिक अभाव किसी भी व्यक्ति को न्याय से वंचित नहीं कर सकते। यह बात उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष एवं कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज तिवारी ने रविवार को तहसील खन्स्यू परिसर में आयोजित बहुउद्देशीय विधिक जागरूकता शिविर में कही।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित शिविर का शुभारंभ न्यायमूर्ति मनोज तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां के पर्वतीय सौंदर्य के साथ ही लोगों की मेहनत, सादगी, आत्मसम्मान और संघर्षशीलता से भी है। पहाड़ में जीवन अनेक चुनौतियों से भरा है। ऐसे में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि कोई भी व्यक्ति केवल भौगोलिक दूरी या आर्थिक तंगी के कारण अपने अधिकारों और न्याय से वंचित न रहे।
बेटियों की शिक्षा को दें बेटों के समान प्राथमिकता

न्यायमूर्ति तिवारी ने कहा कि नालसा की जागृति स्कीम-2025 और नालसा (शिक्षा, समावेशन और सहायता) स्कीम-2026 का उद्देश्य लोगों को कानूनी सहायता देने के साथ ही उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों की शिक्षा को बेटों के समान प्राथमिकता देने का आह्वान किया। कहा कि शिक्षित बेटी पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों को सशक्त बनाती है। आर्थिक तंगी, दिव्यांगता या सामाजिक परिस्थितियों के कारण कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाएं, संपत्ति और पेंशन के अधिकार से वंचित बुजुर्ग, मेहनताना पाने के लिए संघर्षरत श्रमिक और अधिकारों के उल्लंघन का सामना कर रहे बच्चों को विधिक जागरूकता के माध्यम से मदद मिल सकती है। कानून की जानकारी पुस्तकों और न्यायालयों तक सीमित न रहकर दूरस्थ गांवों के प्रत्येक परिवार तक पहुंचनी चाहिए।
गांव-गांव तक पहुंचाएं विधिक जागरूकता का संदेश
न्यायमूर्ति मनोज तिवारी ने ग्राम प्रधानों, शिक्षकों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों और पैरा लीगल वालंटियर्स की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का दायित्व केवल जरूरतमंदों को अधिवक्ता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें उनके अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और न्याय प्राप्त करने के माध्यमों से जोड़ना भी है।
उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति इस बात से तय होती है कि वहां का सबसे कमजोर व्यक्ति कितना सुरक्षित, सम्मानित और न्याय के प्रति आश्वस्त महसूस करता है। शिविर की सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब पिछड़े और वंचित लोगों की समस्याओं का समाधान हो और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए नियमित फॉलोअप भी आवश्यक है।
शिविर औपचारिकता नहीं, समस्याओं के समाधान का माध्यम बने : न्यायमूर्ति
न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल और न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने कहा कि ज्ञान और न्याय ही सशक्त समाज की नींव हैं। नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और विधिक सेवा प्राधिकरण की निशुल्क कानूनी सेवाओं की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में लोगों को यह पता नहीं है कि कानूनी समस्या आने पर उन्हें कहां संपर्क करना चाहिए।
उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को निर्देश दिए कि शिविर केवल औपचारिक आयोजन बनकर न रह जाए। इसका वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब शिकायतों और समस्याओं का नियमित फॉलोअप किया जाए। इसके लिए छोटे-छोटे जागरूकता शिविर आयोजित करने तथा वालंटियर्स के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों के योजनाओं से संबंधित फॉर्म भरवाने और संबंधित विभागों में जमा कराने पर जोर दिया।
न्यायमूर्तियों ने बाल श्रम, बाल विवाह, बाल शोषण और स्कूल छोड़ने जैसी समस्याओं को समाप्त करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में असमानताओं पर चिंता जताते हुए कहा कि कहीं 100 बच्चों पर दो शिक्षक हैं तो कहीं दो शिक्षकों के मुकाबले विद्यार्थी ही नहीं हैं। इस व्यवस्था में सुधार जरूरी है। शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनना भी है।
युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा, “यदि आपको तेज गति से आगे बढ़ना है तो अकेले चलिए, लेकिन दूर तक जाना है तो साथ मिलकर चलना होगा। यदि आपको कोई अच्छा व्यक्ति दिखाई न दे तो स्वयं एक अच्छा व्यक्ति बन जाइए।” उन्होंने लोगों से किसी भी कानूनी समस्या के समाधान के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने की अपील की।
दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, कान की मशीन और नी-कैप वितरित
शिविर में समाज कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को छह व्हीलचेयर, 33 कान की मशीन और 46 नी-कैप वितरित किए गए। बाल विकास विभाग की ओर से चार महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की गईं।
हाईस्कूल परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं विनीता परगाई, ऊषा और ममता रेखा को सम्मानित किया गया। नशा मुक्ति निबंध प्रतियोगिता के सब जूनियर वर्ग में गीतांजलि बोहरा और उत्कर्ष कुमार, जूनियर वर्ग में दीक्षा, चांदनी और यमुना तथा सीनियर वर्ग में गरिमा, पूनम परगाई और ख्याति चिलवाल को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पौधारोपण किया गया और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण भी किया गया।
एक ही शिविर में स्वास्थ्य जांच से लेकर प्रमाणपत्र तक की सुविधा
शिविर में उद्यान विभाग ने 70 किसानों को दवाइयां और बीज वितरित किए। कृषि विभाग ने 12 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की तथा 20 किसानों की किसान सम्मान निधि संबंधी ई-केवाईसी पूरी कराई। आयुर्वेदिक विभाग ने 125 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं, जबकि चिकित्सा विभाग ने 103 लोगों की जांच कर निशुल्क दवाइयां दीं। चिकित्सा विभाग की ओर से नौ लोगों के दिव्यांग प्रमाणपत्र भी जारी किए गए।
पशुपालन विभाग ने 24 किसानों को पशुओं के रोगों से संबंधित दवाइयां वितरित कीं। जिला प्रोबेशन विभाग ने चार महिलाओं की विधवा पेंशन संबंधी कार्रवाई की और चार महिलाओं की ई-केवाईसी कराई। समाज कल्याण विभाग ने 10 लोगों की ई-केवाईसी की। राजस्व विभाग ने तीन लोगों के दाखिल-खारिज किए और विरासत का एक मामला दर्ज किया।
पुलिस साइबर सेल ने 45 लोगों को साइबर ठगी से बचाव की जानकारी दी। पंचायतीराज विभाग ने नौ लोगों को जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र और 11 लोगों को परिवार रजिस्टर की नकल जारी की। ग्राम्य विकास विभाग ने नौ लोगों को बीपीएल क्रमांक जारी किए। सहकारिता, पर्यटन और विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों ने भी अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला जज प्रशांत जोशी, रजिस्ट्रार जनरल केके शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख केडी रूवाली, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित अन्य न्यायाधीश, पैरा लीगल वालंटियर्स, जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

