उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने भरा स्व-गणना फॉर्म, बोले—देश के विकास की आधारशिला है जनगणना

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी –  कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने बुधवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय से जनगणना के तहत स्व-गणना का ऑनलाइन फॉर्म भरा। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों से भी स्व-गणना सुविधा का लाभ उठाकर अपने और अपने परिवार का विवरण समय पर दर्ज कराने की अपील की।

आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि भारत सरकार की ओर से 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के भविष्य और विकास की आधारशिला है। नागरिकों द्वारा दी गई सही जानकारी के आधार पर सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से संबंधित बेहतर योजनाएं तैयार करने में मदद मिलती है।

यह भी पढ़ें 👉  जमरानी बांध से लेकर रिंग रोड तक विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश

उन्होंने कहा कि जनगणना में जानकारी दर्ज कराने के लिए प्रगणक (एन्यूमरेटर) के घर आने का इंतजार करने की आवश्यकता नहीं है। भारत सरकार की ओर से शुरू की गई स्व-गणना सुविधा के माध्यम से लोग घर बैठे अपनी सुविधानुसार ऑनलाइन पोर्टल या मोबाइल ऐप के जरिए अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण भर सकते हैं।

40 सवालों के जवाब देकर सुरक्षित रखें स्व-गणना आईडी

यह भी पढ़ें 👉  अस्ताचलगामी से उदीयमान सूर्य तक छठ घाटों पर रहे ठुकराल, व्रती महिलाओं से की मुलाकात

आयुक्त ने बताया कि स्व-गणना से समय की बचत होती है और नागरिक अपनी सुविधानुसार किसी भी समय फॉर्म भर सकते हैं। स्वयं जानकारी दर्ज करने से त्रुटियों की आशंका भी कम होती है। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए भारत सरकार के पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर परिवार के सभी सदस्यों का विवरण और पोर्टल पर दिए गए 40 प्रश्नों के जवाब भरकर फॉर्म सबमिट करना होगा। इसके बाद प्राप्त स्व-गणना आईडी को सुरक्षित रखना जरूरी है। जब प्रगणक घर पहुंचे तो उन्हें यह आईडी दिखानी होगी।

यह भी पढ़ें 👉  उगते सूर्य को अर्घ्य देकर मुख्यमंत्री धामी ने किया छठ महापर्व का समापन

आयुक्त ने नागरिकों से की भागीदारी की अपील

दीपक रावत ने कहा कि जनगणना में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से जागरूक नागरिक होने का दायित्व निभाने, समय रहते स्व-गणना पूरी करने और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की।