कालाढूंगी – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण, अस्पताल का उच्चीकरण, 200 विद्युत पोलों की स्थापना सहित सड़क निर्माण और चौड़ीकरण के कार्य शामिल हैं। इसके अलावा कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र 2026-27 के दौरान महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों के पंजीकरण की घोषणा भी की। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि उस शक्ति और साहस को नमन करने का अवसर है, जिसके बल पर मातृशक्ति ने हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी का विशेष स्थान है। जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। नारी का वास्तविक सम्मान तभी है, जब उसे समान अवसर मिलें, उसके निर्णयों को महत्व दिया जाए और वह आत्मनिर्भर बनकर अपने सपनों को पूरा कर सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों शौचालयों का निर्माण, उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को गैस कनेक्शन, जनधन योजना से बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा देने जैसे कार्यों ने महिलाओं के जीवन में बदलाव लाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना में भी महिलाओं को घरों के स्वामित्व में भागीदारी दी गई है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड की माताएं और बहनें कठिन परिस्थितियों में भी परिवार और समाज की जिम्मेदारियां निभाती हैं। पहाड़ की महिलाएं सुबह से ही घर, बच्चों, पशुओं, खेती और जंगल से लकड़ी एवं घास लाने जैसे कार्यों में जुट जाती हैं। उन्होंने अपनी माता का उल्लेख करते हुए कहा कि बचपन से उन्होंने अपनी मां को सीमित संसाधनों में परिवार की जिम्मेदारियां निभाते देखा है। मां का संघर्ष और अनुशासन उनके लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है। वर्तमान में प्रदेश में 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में कार्य कर रही हैं। इन समूहों को मजबूती देने के लिए आठ हजार से अधिक ग्राम संगठन और 600 से अधिक क्लस्टर स्तरीय संघ भी काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के माध्यम से महिलाओं को नए अवसर दिए जा रहे हैं। वर्ष 2026 में शुरू की गई मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत अब तक करीब 700 महिलाओं को छह करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है। प्रधानमंत्री के लखपति दीदी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखंड में लगभग 3.50 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रदेश में 12 हजार से अधिक महिलाएं बैंकिंग, कृषि, पशुपालन, डिजिटल भुगतान और अन्य सामुदायिक सेवाओं से जुड़ी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि नंदा गौरा योजना के तहत पात्र बेटियों के जन्म पर 11 हजार रुपये तथा 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से करीब 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं। इस ब्रांड ने शुरुआत से अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से महिला सुरक्षा और सहायता से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने को महिलाओं के समान नागरिक अधिकारों और कानूनी संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
अंकिता भंडारी प्रकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसके परिवार का दुख सभी का दुख है। उन्होंने कहा कि इस मामले में न्यायालय तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुना चुका है और उच्च न्यायालय ने उनकी जमानत याचिकाएं भी खारिज की हैं। पीड़ित परिवार की भावनाओं का सम्मान करते हुए उनकी मांग पर राज्य सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि न्याय की प्रक्रिया में हर सच सामने आना चाहिए और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
कालाढूंगी के विकास के लिए छह घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए निम्नलिखित घोषणाएं कीं—
1. कालाढूंगी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 200 विद्युत पोलों की स्थापना की जाएगी।
2. कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण किया जाएगा।
3. कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
4. गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।
5. कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा।
6. पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व पार्क में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन घोषणाओं से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा और स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का विकल्प रहित संकल्प उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। इस संकल्प को पूरा करने में मातृशक्ति का आशीर्वाद और सहयोग महत्वपूर्ण रहेगा।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित
नारी शक्ति सम्मान समारोह में खेल, शिक्षा, स्वरोजगार, कृषि, उद्यान, उद्योग और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
खेल के क्षेत्र में एशियाई मास्टर तैराकी में संतोषी गुरुरानी, नमिता पाठक और निकिता सिंह, अंतरराष्ट्रीय तैराकी में मोनी रावत और भार्गवी रावत, नेशनल मास्टर एथलेटिक्स में चंपा नैनवाल, कुश्ती में गीतांजलि और डॉली बिष्ट, खो-खो एवं एथलेटिक्स में हिना बिष्ट और नमिता तथा ताइक्वांडो में भूमिका जयंतवाल को सम्मानित किया गया। प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका ममता गुप्ता को भी सम्मान प्रदान किया गया।
वहीं, लखपति दीदी दमयंती बिष्ट, उद्यान विभाग की ओर से मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में पदमा बोहरा, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से कंचन भंडारी, जिला उद्योग विभाग की ओर से ऐपण कला के लिए मंजू रौतेला तथा कृषि विभाग की ओर से सावित्री गर्जोला को सम्मानित किया गया। वन विभाग की ओर से शिवानी रावत, तनुजा खानायत, डॉली, पूजा और रूपा को भी सम्मान प्रदान किया गया। क्रीड़ा विभाग की ओर से संतोषी गुरुरानी को एशियाई मास्टर तैराकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रतिभा के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, दिनेश आर्य, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, शांति मेहरा, हुकुम सिंह कुंवर, देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़, भावना आर्य, मनीषा जंतवाल, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित क्षेत्रीय जनता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

