नैनीताल – भैया दूज पर्व के मद्देनजर आमजन की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की संयुक्त टीमें प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रख रही हैं।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी चेकिंग करने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अनुपालन में थाना पुलिस, यातायात पुलिस, सीपीयू और बीडीएस की टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं।
संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच

अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की कड़ाई से जांच की जा रही है। सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बीडीएस टीम सुरक्षा मानकों की जांच कर सतर्कता बरत रही है।
जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस तैनात
पर्व के दौरान सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस एवं सीपीयू को प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया है। पुलिस का प्रयास है कि पर्व के दौरान लोगों का आवागमन सुगम रहे और किसी को असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस ने जनता से की सहयोग की अपील
नैनीताल पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को देने का आग्रह किया है।

