उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

दिवाली पर मुफ्त के 8 हजार रुपये का दावा फर्जी, व्हाट्सएप संदेश से रहें सावधान

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – दीपावली पर प्रत्येक नागरिक को आठ हजार रुपये बोनस देने का दावा करने वाला फर्जी संदेश इन दिनों सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। प्रधानमंत्री के नाम से वायरल किए जा रहे इस संदेश को साइबर ठगों का नया हथकंडा बताते हुए साइबर थाना कुमाऊं परिक्षेत्र ने लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है। साइबर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केंद्र सरकार की ओर से ऐसी किसी बोनस योजना की घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में आठ हजार रुपये मिलने के लालच में किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करना भारी पड़ सकता है।

वायरल संदेश में दावा किया जा रहा है कि सरकार दीपावली के अवसर पर प्रत्येक नागरिक को आठ हजार रुपये की आर्थिक सहायता दे रही है। इसके साथ एक लिंक भी साझा किया जा रहा है, जो लोगों को फर्जी वेबसाइट पर ले जा सकता है। इस वेबसाइट पर लाभार्थी बनने के नाम पर नाम, मोबाइल नंबर और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारियां मांगी जा सकती हैं। साइबर अपराधी इन जानकारियों का इस्तेमाल बैंक खातों से रकम निकालने और अन्य वित्तीय धोखाधड़ी के लिए कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  हाथों में मेहंदी, दिलों में OPS की आस, पुरानी पेंशन के लिए महिलाओं ने बुलंद की आवाज

सरकारी योजनाओं के नाम पर फैलाया जा रहा भ्रम

साइबर अपराधी सरकारी योजनाओं और बड़े पदों पर बैठे लोगों के नाम का इस्तेमाल कर लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश करते हैं। इस तरह की फर्जी सूचनाएं न केवल आम लोगों को भ्रमित करती हैं, बल्कि सरकारी संस्थाओं की विश्वसनीयता को भी प्रभावित करती हैं। साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी योजना की जानकारी केवल आधिकारिक सरकारी वेबसाइट और प्रमाणित माध्यमों से ही प्राप्त करें।

यह भी पढ़ें 👉  भारतीय ज्ञान परंपरा को कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ने की जरूरत : भगत सिंह कोश्यारी

ऑनलाइन खरीदारी में आकर्षक ऑफर से रहें सावधान

दीपावली के दौरान कपड़ों, इलेक्ट्रॉनिक सामान, सजावटी वस्तुओं और उपहारों की ऑनलाइन खरीदारी में तेजी आती है। साइबर ठग इसी का फायदा उठाकर भारी छूट और सीमित समय के आकर्षक ऑफर का लालच देते हैं। ऐसे ऑफर के जरिए लोगों को फर्जी वेबसाइटों पर पहुंचाकर ठगी की जा सकती है। इसलिए किसी भी ऑनलाइन विक्रेता से खरीदारी करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जांचना जरूरी है। अनजान लिंक के माध्यम से भुगतान करने से बचें।

गिफ्ट और कूरियर डिलीवरी के नाम पर भी ठगी

त्योहारी सीजन में साइबर अपराधी उपहार मिलने या कूरियर डिलीवरी अटकने का झांसा देकर भी लोगों को निशाना बना सकते हैं। कई बार ठग कूरियर कंपनी का कर्मचारी बनकर संपर्क करते हैं और डिलीवरी पूरी कराने के नाम पर लिंक भेजते हैं। ऐसे लिंक पर क्लिक करने या अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से आर्थिक नुकसान हो सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  अखंड भारत के शिल्पकार पटेल और सशक्त भारत की पहचान इंदिरा को किया नमन

ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत

आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे ने स्पष्ट किया कि दीपावली पर आठ हजार रुपये बोनस देने का संदेश पूरी तरह फर्जी है। उन्होंने लोगों से ऐसे संदेशों को आगे प्रसारित नहीं करने और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।