उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

जनसेवा शिविर: 178 लोगों ने लिया हिस्सा, महिलाओं को महालक्ष्मी किट और किसानों को चारा किट

ख़बर शेयर करें -

धारी/नैनीताल – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान–सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ के तहत शुक्रवार को विकासखंड धारी में बहुविभागीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से लोगों की समस्याओं के समाधान के साथ ही उन्हें जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर में कुल 178 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि प्राप्त 57 शिकायतों का मौके पर ही शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया।

शिविर के दौरान विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनवाने के लिए 47 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका निस्तारण किया गया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 87 पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में अधिकारियों और विभागीय प्रतिनिधियों ने आमजन की समस्याएं सुनने के साथ उन्हें संबंधित योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई।

यह भी पढ़ें 👉  ट्रक ड्राइवर और दर्जी निकले स्मैक तस्करी के आरोपी, लालकुआं में पुलिस ने दबोचा

महिलाओं को महालक्ष्मी किट, किसानों को चारा किट वितरित

शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पांच पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। वहीं, पशुपालन विभाग ने क्षेत्र के 12 प्रगतिशील किसानों को चारा किट उपलब्ध कराईं। इससे पशुपालन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ पशुपालकों को सहायता मिलेगी।

इस दौरान कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, राजस्व, पूर्ति, श्रम तथा अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया, ताकि पात्र लोग सरकारी सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

यह भी पढ़ें 👉  स्थानीय संसाधनों में तलाशा रोजगार, प्राकृतिक साबुन से बनाई अलग पहचान

जनता तक सीधे पहुंच रही सरकारी योजनाएं

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान–सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ का मुख्य उद्देश्य शासन-प्रशासन को सीधे जनता तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विभिन्न विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है और उन्हें एक ही स्थान पर योजनाओं की जानकारी एवं सुविधाएं प्राप्त होती हैं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में स्कूटी चोरी का पर्दाफाश, काठगोदाम और मुखानी के मामलों का खुलासा

उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है। धारी में आयोजित शिविर को इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

शिविर में सांसद प्रतिनिधि प्रदीप बिष्ट, कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि प्रकाश चंद, जिला कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र सिंह, किसान मोर्चा के नारायण सिंह बिष्ट तथा खंड विकास अधिकारी महेश चंद गंगवार सहित क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।