नैनीताल – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा और सरल जीवन का संदेश आज भी पूरी दुनिया को राह दिखाता है। उनके विचार समाज में समानता, शांति और भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सादगी, ईमानदारी और ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा देश के विकास और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा देता है। शास्त्री जी का जीवन त्याग और समर्पण का प्रतीक रहा है।
कार्यशैली को बनाएं अनुकरणीय
एडीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन इस तरह करने का आह्वान किया कि उनकी कार्यशैली विशिष्ट और अनुकरणीय बने। उन्होंने जिलाधिकारी और अपनी ओर से कार्यक्रम में उपस्थित स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का आभार जताते हुए कहा कि उनकी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ी है।

कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की ऋणी है और उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाना चाहिए।
शहीदों और महापुरुषों को किया नमन
कार्यक्रम के बाद एडीएम ने तल्लीताल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर, भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत, शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमाओं तथा उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों के स्मृति स्थल पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद उन्होंने मल्लीताल स्थित खादी भवन में चरखा चलाया और खादी एवं ग्रामोद्योग की परंपरा से जुड़ाव का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, तहसीलदार अक्षय भट्ट, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका रोहिताश सिंह, दयाकिशन पोखरिया, नितिन कार्की सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

