उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

नैनीताल में भारी बारिश का रेड अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई निगरानी

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के मद्देनजर जनपद नैनीताल में भारी बारिश को लेकर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। 26 सितंबर को जनपद के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा की संभावना के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 27 सितंबर को गर्जन के साथ आकाशीय बिजली, झोंकेदार हवाओं तथा अति तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में नदियों, नालों और गधेरों के आसपास जाने से बचें। बेहद जरूरी होने पर ही मौसम की स्थिति की जानकारी लेने के बाद यात्रा करें।

यह भी पढ़ें 👉  बाजपुर में साइबर थाना और एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 114 सिम समेत टेलीकॉम उपकरण बरामद

संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी

जिलाधिकारी ने बलियानाला, आलूखेत और किशनपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों को इन क्षेत्रों में लोगों को नदी-नालों एवं गधेरों की ओर न जाने के लिए लगातार जागरूक करने को कहा गया है।

उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों को लेकर भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। भारी बारिश की अवधि में ट्रेकर्स को ट्रेकिंग की अनुमति न देने तथा असामान्य मौसम और भारी वर्षा की चेतावनी के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन पर रोक रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी विभाग हाई अलर्ट पर

जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन-आईआरएस प्रणाली के तहत नामित सभी जनपद एवं तहसील स्तरीय नोडल अधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में तत्काल स्थलीय कार्रवाई करने तथा तहसील आपदा नियंत्रण कक्ष और जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र को क्षति की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें 👉  धार्मिक अनुष्ठान के बाद हुआ विशाल भंडारा, सहज परम धाम में दिनभर भक्तिमय माहौल

एनएच, लोनिवि, पीएमजीएसवाई, एडीबी समेत संबंधित विभागों को मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल सड़क खोलने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। भूस्खलन संभावित मार्गों पर पहले से ही आवश्यक मशीनरी और उपकरण तैनात रखने को कहा गया है।

नालियों और कलवर्ट की सफाई के निर्देश

नगर एवं अन्य क्षेत्रों में नालियों और कलवर्ट में मौजूद अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी अपने-अपने तैनाती क्षेत्रों में मौजूद रहेंगे। चौकी और थानों को भी आपदा संबंधी उपकरणों एवं वायरलेस सेट के साथ हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें 👉  श्रमिक कल्याण बोर्ड का कैंप, योजनाओं की जानकारी के साथ स्वास्थ्य जांच और किट वितरण

जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस अवधि में मोबाइल फोन बंद न रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बरसाती, छाता, टॉर्च, हेलमेट एवं अन्य आवश्यक उपकरण वाहनों में रखने को कहा गया है। कहीं लोग फंसने की स्थिति में उनके लिए खाद्य सामग्री एवं चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इन नंबरों पर दें आपदा की सूचना

जिला प्रशासन ने आपदा से संबंधित किसी भी सूचना को तत्काल संबंधित नियंत्रण कक्ष तक पहुंचाने की अपील की है।

जनपद आपदा नियंत्रण कक्ष: 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181
टोल फ्री: 1077, 8272080884
राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष: 0135-2710335, 0135-2710334
राज्य टोल फ्री: 1070