ऊधमसिंह नगर – जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को जिले में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों के साथ-साथ प्री-लिटिगेशन मामलों को भी पक्षकारों की आपसी सहमति के आधार पर निस्तारित करने की प्रक्रिया शुरू की गई। लोक अदालत सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता पंत ने बताया कि मामलों के त्वरित और सुलभ निस्तारण के लिए जिला मुख्यालय पर आठ विशेष पीठों का गठन किया गया है। इसके अलावा पक्षकारों की सुविधा के लिए बैंक, बीमा कंपनियों सहित अन्य संबंधित विभागों के सहायता काउंटर और स्टॉल भी लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत दिलाना और आपसी सहमति के माध्यम से विवादों का समाधान कराना है। लोक अदालत में ऐसे प्री-लिटिगेशन मामले भी लिए जा रहे हैं, जो अभी न्यायालय में दाखिल नहीं हुए हैं। वहीं, विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों का भी समझौते के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है।

जिलेभर की अदालतों में हुई सुनवाई
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। काशीपुर, खटीमा, बाजपुर, किच्छा समेत जिले की सभी अधीनस्थ अदालतों और बाह्य पीठों में भी लोक अदालत आयोजित की गई। यहां भी विभिन्न प्रकार के मामलों को आपसी सहमति और समझौते के आधार पर निस्तारित करने की प्रक्रिया चलती रही।
अधिकारियों के अनुसार लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे पक्षकारों को समय और खर्च दोनों की बचत के साथ लंबे समय से चल रहे विवादों का सरल एवं सुलभ समाधान मिलने की उम्मीद है।

