उत्तराखण्ड कालाढूंगी ज़रा हटके

डौनपरेवा में शहीद को नमन, जनता की समस्याओं पर प्रशासन सक्रिय; 95 करोड़ की सड़क योजना के साथ तत्काल गड्ढामुक्ति के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

कोटाबाग – अमर शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानी दीवान सिंह बिष्ट की पुण्यतिथि पर राजकीय इंटर कॉलेज डौनपरेवा में श्रद्धांजलि सभा एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री दिनेश आर्य सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और क्षेत्रीय लोगों ने अमर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को नमन किया गया तथा स्वतंत्रता सेनानी परिवार के आश्रितों को सम्मानित किया गया।

‘ऐसे वीर शहीद हमारे प्रेरणास्रोत’

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि 23 अगस्त का दिन इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा गया है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के शासनकाल में देश की आजादी के लिए आवाज उठाना बेहद कठिन था। भारत माता की जय बोलने तक पर जेल और यातनाएं दी जाती थीं। ऐसी विषम परिस्थितियों में भी अमर शहीद दीवान सिंह बिष्ट ने निहत्थे होकर अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों का सामना किया और देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

यह भी पढ़ें 👉  बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, जिला कारागार में सात दिवसीय मोमबत्ती प्रशिक्षण का शुभारंभ

उन्होंने कहा कि ऐसे वीर शहीद देश के आइकॉन और प्रेरणास्रोत हैं। उनके त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

शिविर में ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं

विद्यालय परिसर में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में राजस्व, पंचायतीराज, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, पूर्ति और स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।

शिविर में क्षेत्रवासियों ने रामनगर-डौनपरेवा-बेतालघाट सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर सांसद अजय भट्ट ने नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। अधिशासी अभियंता लोनिवि रामनगर ने बताया कि सड़क के सुधारीकरण के लिए 95 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है।

सांसद ने निर्देश दिए कि धनराशि स्वीकृत होने तक विभागीय बजट से सड़क को गड्ढामुक्त और आवागमन योग्य बनाने के लिए तत्काल कार्ययोजना तैयार की जाए और शीघ्र काम शुरू किया जाए।

यह भी पढ़ें 👉  जन उपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों के समाधान की दी जानकारी, स्थायी लोक अदालत के लिए पीएलवी व अधिकार मित्र प्रशिक्षित

बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के निर्देश

ग्रामीणों ने विभिन्न गांवों की लिंक सड़कों और बरसात से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की मरम्मत की मांग भी रखी। सांसद ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं ग्रामीणों ने पेंशन खातों में नहीं आने की समस्या भी उठाई। आधार बैंक खाते से लिंक न होने के कारण सामने आ रही समस्या के समाधान के लिए समाज कल्याण, कृषि एवं ग्राम्य विकास विभाग को शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

बिजली बिल और कोसी कटाव का मुद्दा भी उठा

शिविर में ग्रामीणों ने अधिक विद्युत बिल आने की शिकायत की, जिस पर विद्युत विभाग को जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए। सेठी बेलगांव में कोसी नदी से हो रहे भू-कटाव का मामला भी सामने आया। सांसद ने सिंचाई विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  युवा मतदाताओं को SIR की जानकारी देने ग्राफिक एरा पहुंची स्वीप टीम, भाषण और क्विज से बढ़ाई निर्वाचन जागरूकता

विद्यालय को मिलेगी चार लाख की सांसद-विधायक निधि

कार्यक्रम के दौरान सांसद अजय भट्ट ने राजकीय इंटर कॉलेज डौनपरेवा में कंप्यूटर सुविधा के लिए सांसद निधि से दो लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं विधायक सरिता आर्या ने भी विद्यालय के लिए विधायक निधि से दो लाख रुपये देने की घोषणा की। दोनों घोषणाओं से विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई।

कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री दिनेश आर्य, जिला पंचायत सदस्य हेम चंद्र नैनीवाल, ग्राम प्रधान दयाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, उपजिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खलीक, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।