उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं बारावफात-रक्षाबंधन, पुलिस ने पीस कमेटी संग की बैठक,अराजक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। आगामी बारावफात (ईदुल-मिलादनवी) एवं रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में सीएलजी/पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, धार्मिक अनुयायियों और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में अधिकारियों ने सभी समुदायों से त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में परंपरागत तरीके से मनाने की अपील की। एसपी सिटी ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि से बचें जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।

यह भी पढ़ें 👉  डौनपरेवा में शहीद को नमन, जनता की समस्याओं पर प्रशासन सक्रिय; 95 करोड़ की सड़क योजना के साथ तत्काल गड्ढामुक्ति के निर्देश

निर्धारित रूट से ही निकलेगा बारावफात जुलूस

बैठक में स्पष्ट किया गया कि बारावफात का जुलूस निर्धारित रूट और तय स्थानों से ही निकाला जाएगा। आयोजन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और अराजक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। आयोजन को सुचारु बनाने में पुलिस के साथ वालंटियरों की भी सहायता ली जाएगी।

यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस

धार्मिक आयोजनों के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए। निरीक्षक यातायात को आवश्यकतानुसार प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न होने देने को कहा गया।

यह भी पढ़ें 👉  पंजा कुश्ती के अखाड़े में एसएसपी अजय गणपति का जलवा, विश्व विजेता खिलाड़ी दलजीत गोराया को मुकाबले में दी शिकस्त

सोशल मीडिया पर भी रहेगी पैनी नजर

पुलिस ने धार्मिक आयोजनों के दौरान सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को भी प्राथमिकता दी है। सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति जानबूझकर किसी धर्म अथवा समुदाय का अपमान करता पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बिजली, गश्त और बाजारों में सुरक्षा के निर्देश

आयोजनों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं से आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया। वहीं कोतवाली क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस गश्त और पिकेट लगाने तथा बाजारों में भीड़भाड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  न्यूनतम वेतन, पेंशन और बोनस बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन, भारतीय मजदूर संघ ने सरकार के सामने रखीं 11 मांगें

एसपी सिटी ने सभी अधिकारियों और कमेटी सदस्यों से आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका सिंह, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, निरीक्षक यातायात योगेश पांडेय, नगर निगम के अधिकारी, सीएलजी/पीस कमेटी सदस्य, व्यापार मंडल प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, धार्मिक अनुयायी, अभिसूचना इकाई एवं थाना पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।