देहरादून – कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून में मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। मंत्री कैड़ा ने विशेष रूप से आपदा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के पुनर्निर्माण, पहाड़ में प्राधिकरण के नियमों को सरल करने और स्थानीय लोगों को निर्माण कार्यों में राहत देने का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री को बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में बारिश और आपदा के कारण कई मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मार्गों की स्थिति खराब होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत के लिए आपदा मद से आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया।
पहाड़ में प्राधिकरण के नियम सरल करने की मांग
कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री के समक्ष पहाड़ी क्षेत्रों में प्राधिकरण से जुड़ी समस्याओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण के मौजूदा नियमों के कारण स्थानीय लोगों को मकान, दुकान एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से पहाड़ी क्षेत्रों में प्राधिकरण के नियमों में सरलीकरण करने अथवा स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए पहाड़ से प्राधिकरण व्यवस्था समाप्त करने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना न करना पड़े और वे अपनी जरूरत के अनुसार निर्माण कार्य करा सकें।
विधानसभा की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा
मंत्री कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा और उनके शीघ्र समाधान का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री कैड़ा ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री की ओर से क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे भीमताल विधानसभा के ग्रामीणों को राहत मिल सकेगी।

