नैनीताल – कर्तव्य के साथ परिवार के प्रति जिम्मेदारी और किसी के भविष्य को संवारने का जज्बा हो तो सफलता की राह आसान हो जाती है। नैनीताल पुलिस के परिवहन शाखा में तैनात कांस्टेबल चंद्रशेखर गैतोड़ी ने अपने साले अनुज पंत को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देकर न केवल परिवार का गौरव बढ़ाया, बल्कि नैनीताल पुलिस का मान भी बढ़ाया है।
चंपावत जिले के ग्राम झूलापे निवासी 23 वर्षीय अनुज पंत ने अपनी स्कूली शिक्षा गाजियाबाद से पूरी की। उनके पिता गणेश चंद्र पंत गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में मैनेजर हैं, जबकि उनकी माता निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं। परिवार में अनुज सबसे छोटे हैं।
अनुज ने देश की प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवाओं में जाने का लक्ष्य तय कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। इस दौरान उनके जीजा कांस्टेबल चंद्रशेखर गैतोड़ी ने उन्हें अपने साथ रखते हुए पढ़ाई, अनुशासन, समय प्रबंधन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर लगातार मार्गदर्शन दिया। उन्होंने अनुज का मनोबल बढ़ाने के साथ लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहने के लिए भी प्रेरित किया।

IPS में सफलता के बाद IAS की राह भी की आसान
कड़ी मेहनत और निरंतर मार्गदर्शन का परिणाम रहा कि अनुज पंत ने वर्ष 2025 में IPS परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता हासिल की। इसके बाद वर्ष 2026 में उन्होंने IAS अधिकारी बनने की दिशा में भी महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की। अनुज की उपलब्धि से परिवार, परिचितों और नैनीताल पुलिस परिवार में खुशी का माहौल है।
कांस्टेबल चंद्रशेखर गैतोड़ी की भूमिका इसलिए भी खास मानी जा रही है कि उन्होंने पुलिस की जिम्मेदारियों के साथ पारिवारिक दायित्व निभाते हुए अनुज को देश की प्रतिष्ठित सेवाओं के लिए तैयार होने में निरंतर सहयोग दिया।
एसएसपी से मिले अनुज पंत
अपनी सफलता के बाद अनुज पंत ने नैनीताल पहुंचकर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी से मुलाकात की। एसएसपी नैनीताल और एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने अनुज की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
नैनीताल पुलिस परिवार ने कांस्टेबल चंद्रशेखर गैतोड़ी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “यह हमारे आन-बान-शान हैं, नैनीताल पुलिस की शान हैं।” पुलिसकर्मी के कर्तव्य के साथ युवा प्रतिभा को आगे बढ़ाने की यह पहल समाज के लिए भी प्रेरणादायी है।

