काशीपुर (ऊधम सिंह नगर) – जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर के निर्देशन में हरेला पर्व के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत काशीपुर स्थित चाटी मेला परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया गया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता अमित रस्तोगी, पीएलवी हेमा कुमारी, गायत्री गुप्ता, कविता गोयल, प्रीतम सिंह राणा तथा मानव अधिकार चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष बलजिंदर कौर सहित अन्य लोगों ने सहभागिता कर पौधारोपण किया।
इस अवसर पर अधिवक्ता अमित रस्तोगी ने बताया कि 2 अगस्त को पंतनगर गांधी हॉल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में एक नि:शुल्क विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में नागरिकों को कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के साथ-साथ विभिन्न बीमारियों की नि:शुल्क जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शिविर में राशन कार्ड, आधार कार्ड, श्रम कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कानूनी सहायता से संबंधित जानकारी भी आमजन को उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का भी संकल्प लिया।

