बिजनौर – समाजवादी आंदोलन पार्टी ने मंगलवार को मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े ध्वस्तीकरण प्रकरण को लेकर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी बिजनौर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विश्वविद्यालय को तोड़ने संबंधी कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने, ध्वस्तीकरण आदेश वापस लेने तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि विश्वविद्यालय से संबंधित कार्रवाई हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के भविष्य से जुड़ा संवेदनशील विषय है। पार्टी का कहना है कि उच्च शिक्षण संस्थान समाज की महत्वपूर्ण धरोहर होते हैं और उनके विरुद्ध किसी भी प्रकार की कार्रवाई कानून सम्मत, पारदर्शी तथा विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए की जानी चाहिए।
समाजवादी आंदोलन पार्टी ने मांग की कि यदि विश्वविद्यालय से जुड़ा कोई कानूनी या प्रशासनिक विवाद है तो उसका समाधान संविधान और कानून के अनुरूप न्यायिक प्रक्रिया के तहत किया जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित न हो।

ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से आग्रह किया गया कि विश्वविद्यालय को ध्वस्त करने संबंधी किसी भी कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए, ध्वस्तीकरण आदेश वापस लिया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए। साथ ही विश्वविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों और भविष्य की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में समाजवादी आंदोलन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अकबर अली, युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वसीम सिद्दीकी, जिला अध्यक्ष (बिजनौर) मुकुल चौधरी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मुस्तफा इदरीसी तथा प्रदेश सचिव सुनील कुमार चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

