उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

बारिश में खतरे के बीच पढ़ रहे बच्चों को राहत, दो विद्यालयों के पुनर्निर्माण को मिली मंजूरी

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – रामगढ़ विकासखंड के दो जर्जर राजकीय प्राथमिक विद्यालयों के पुनर्निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। प्रदेश के मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों पर जिलाधिकारी नैनीताल ने आपदा मद से कुल 30 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस धनराशि से राजकीय प्राथमिक विद्यालय सदबुगा पाटा (खफराड़) तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय स्युड़ा के भवनों का पुनर्निर्माण कराया जाएगा।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व जिलाधिकारी नैनीताल से मुलाकात कर रामगढ़ ब्लॉक स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय सदबुगा पाटा (खफराड़) की जर्जर स्थिति से अवगत कराया था। विद्यालय भवन अत्यंत खराब हालत में होने के कारण छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, जबकि बरसात के मौसम में भवन के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना रहता था। भवन निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण आंदोलन भी कर रहे थे।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन नशामुक्त: कालाढूंगी रोड से स्मैक तस्कर दबोचा, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा

मंत्री ने जिलाधिकारी से विद्यालय भवन का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराने और इसके लिए आपदा मद से धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद जिलाधिकारी ने सदबुगा पाटा विद्यालय में दो नए कक्षों के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत कर दिए।

इसके अलावा मंत्री ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय स्युड़ा के जर्जर भवन का मामला भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा। इस पर विद्यालय के पुनर्निर्माण के लिए भी 15 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  वृक्षारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, लेक इंटरनेशनल स्कूल में हरेला उत्सव मनाया गया

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि दोनों विद्यालयों के निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और क्षेत्र की आवश्यक विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  अवैध शराब की तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज