उत्तराखण्ड काशीपुर ज़रा हटके

काशीपुर में बढ़ा गुलदारों का आतंक, ग्रामीणों ने पकड़ने की उठाई मांग

ख़बर शेयर करें -

काशीपुर – काशीपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुओं की बढ़ती गतिविधियों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार देर रात ग्राम ढकिया नंबर तीन स्थित एक फार्म हाउस की दीवार पर एक साथ दो तेंदुए दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों तेंदुओं का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

यह भी पढ़ें 👉  बाल सुरक्षा को लेकर आयोग गंभीर, विभागों को समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई के निर्देश

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तेंदुओं की मौजूदगी महसूस की जा रही है। रात के समय खेतों और आबादी के आसपास उनकी आवाजाही बढ़ने से लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुओं को जल्द पकड़ने की मांग करते हुए सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की अपील की है।

ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुओं की लगातार चहलकदमी के कारण लोग रात के समय घरों से निकलने से भी डर रहे हैं। खासकर बच्चों और पशुधन की सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।

उधर, काशीपुर रेंज के रेंजर देवेंद्र रजवार ने बताया कि तेंदुओं की गतिविधियों को गंभीरता से लिया गया है। वन विभाग की टीम क्षेत्र पर लगातार नजर बनाए हुए है और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि तेंदुआ दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

यह भी पढ़ें 👉  ग्रामीण विकास मंत्रालय की टीम ने किया नैनीताल का दौरा, योजना क्रियान्वयन पर समीक्षा बैठक

वन विभाग का कहना है कि तेंदुए को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने और मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान पर अनुज कांत अग्रवाल को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान