उत्तराखण्ड ज़रा हटके रुद्रपुर

हरेला पर्व पर हरित भविष्य की पहल, कलेक्ट्रेट परिसर में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर – उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर जनपद ऊधम सिंह नगर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पार्किंग क्षेत्र में पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें 👉  महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वरोजगार पर सरकार का फोकस, सांसद अजय भट्ट ने गिनाईं योजनाएं

जिलाधिकारी ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और जीवन के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते पर्यावरणीय संकट और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि आज पौधों का संरक्षण किया जाएगा, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें 👉  स्मार्ट मीटरों के विरोध में हल्द्वानी में उबाल, खून से लिखा मुख्यमंत्री को पत्र

उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि हरेला पर्व के अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र एवं पंकज उपाध्याय, मुख्य कोषाधिकारी पंकज कुमार शुक्ल, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ऋचा सिंह, गौरव पाण्डे एवं कमल कफल्टिया, तहसीलदार दिनेश कुटोला, जिला युवा कल्याण अधिकारी बी.एस. रावत, जिला पंचायत राज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

यह भी पढ़ें 👉  चेक बाउंस मामलों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने तेज किए प्रयास