कोटाबाग (नैनीताल) – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के अंतर्गत गुरुवार को विकासखंड कोटाबाग सभागार में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत वृहद जनकल्याणकारी एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया तथा अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
शिविर में कुल 250 शिकायतें एवं मांगपत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 190 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं 510 से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जबकि 170 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 16 नवोदित उद्यमियों को कुल 13 लाख रुपये के अनुदान के चेक वितरित किए गए। वहीं मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान कर महिला कल्याण योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

27 विभागों ने लगाए स्टॉल, योजनाओं की दी जानकारी
शिविर में उद्योग, कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, आयुष, होम्योपैथी, खाद्य सुरक्षा, राजस्व, पंचायतीराज, वन, श्रम, सेवायोजन, विद्युत, पेयजल सहित 27 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने स्वरोजगार, कृषि अनुदान, उद्यान, पेंशन, छात्रवृत्ति, बैंक ऋण, प्रशिक्षण एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर पात्र लोगों के आवेदन भी स्वीकार किए।
सड़क, पेयजल और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुख
शिविर में सड़क चौड़ीकरण, सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई, कृषि भूमि की तारबाड़, भूमि कटाव रोकने, सिंचाई गूलों की मरम्मत तथा पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अधिकांश मामलों का मौके पर समाधान कराया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सांसद अजय भट्ट ने दिए अधिकारियों को निर्देश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त लंबित शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पशुपालकों को जानकारी देते हुए बताया कि पशुओं के उपचार के लिए 1962 हेल्पलाइन के माध्यम से चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही उन्होंने जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने और प्रत्येक पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनाने पर भी जोर दिया।
विधायक बंशीधर भगत बोले— जनता और सरकार के बीच बढ़ रहा विश्वास
कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि ऐसे शिविरों से सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ने के साथ ही समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो रहा है।
शिविर के दौरान देवरामपुर सहित अन्य गांवों में जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों, सड़क चौड़ीकरण, नालियों की सफाई और झाड़ी कटान से संबंधित मामलों पर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं जहरीले सांप के काटने से भैंस की मृत्यु के मामले में वन एवं पशुपालन विभाग को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने शिविर के दौरान अपने न्यायालय में लंबित खाद्य सुरक्षा से जुड़े 10 मामलों की सुनवाई कर उनका निस्तारण भी किया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, शांति मेहरा, दिनेश आर्या, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार, खंड विकास अधिकारी डॉ. श्वेता, जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता, तहसीलदार पूजा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

