उत्तराखण्ड ज़रा हटके देहरादून

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति और खेल उपकरण का लाभ

ख़बर शेयर करें -

देहरादून – उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना तथा मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत चयन ट्रायल की तिथियां घोषित कर दी हैं। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव-गांव में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

खेल मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के चयन ट्रायल 14 जुलाई से प्रारंभ होंगे। चयन प्रक्रिया ग्राम पंचायत, नगर पंचायत, वार्ड, विकासखंड और जनपद स्तर पर चरणबद्ध तरीके से आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध होगी, जिससे प्रत्येक पात्र खिलाड़ी को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का समान अवसर मिल सके।

यह भी पढ़ें 👉  दवा कारोबार में नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, काशीपुर में तीन प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की कार्रवाई

वहीं मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के चयन ट्रायल 1 अगस्त से शुरू होंगे। इन दोनों योजनाओं के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को राज्य सरकार द्वारा आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे वे अपनी खेल प्रतिभा को और बेहतर तरीके से विकसित कर सकें।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेश के सभी पात्र खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों से समय पर पंजीकरण कराने और निर्धारित तिथियों पर ट्रायल में भाग लेने की अपील की। उन्होंने सभी जिला क्रीड़ा अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयन प्रक्रिया का सफल, पारदर्शी एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी खिलाड़ी को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

यह भी पढ़ें 👉  लंबित माल मुकदमाती के निस्तारण में चोरगलिया पुलिस की बड़ी पहल, 88 मामलों से जुड़े माल का हुआ निस्तारण

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य खेलों को जन-जन तक पहुंचाना और उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना है। इसके लिए खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

योजनाओं के तहत मिलने वाली सुविधाएं

मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना (8 से 14 वर्ष आयु वर्ग):
इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक जनपद से 150-150 बालक एवं बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को ₹1,500 प्रति माह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  पंजा कुश्ती के अखाड़े में एसएसपी अजय गणपति का जलवा, विश्व विजेता खिलाड़ी दलजीत गोराया को मुकाबले में दी शिकस्त

मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना (14 से 23 वर्ष आयु वर्ग):
इस योजना के तहत प्रत्येक जनपद से 100-100 बालक एवं बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को ₹2,000 प्रति माह छात्रवृत्ति के साथ-साथ खेल उपकरण खरीदने के लिए ₹10,000 प्रतिवर्ष की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

सरकार का मानना है कि इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा और उत्तराखंड खेलों के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।