हल्द्वानी/लालकुआं – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में लालकुआं पुलिस ने तत्परता और सजगता का परिचय देते हुए घर से नाराज होकर लापता हुए 17 वर्षीय किशोर को चंद घंटों के भीतर दिल्ली से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक परिवार की बड़ी चिंता दूर हो गई।
जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को हल्दूचौड़ निवासी श्रीमती गीता गुणवंत पत्नी संतोष गुणवंत ने कोतवाली लालकुआं में लिखित तहरीर देकर बताया कि उनका 17 वर्षीय पुत्र भाष्कर गुणवंत किसी बात से नाराज होकर घर से चला गया है। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल किशोर की बरामदगी के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक सिंह बिष्ट एवं पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए खोजबीन शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने लालकुआं क्षेत्र सहित संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। साथ ही आधुनिक सर्विलांस तकनीकों का उपयोग करते हुए किशोर की लोकेशन ट्रैक की गई। तकनीकी जांच में पता चला कि किशोर हल्दूचौड़ से बरेली होते हुए दिल्ली की ओर चला गया है।
मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दिल्ली पहुंचकर लापता किशोर भाष्कर गुणवंत को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशोर को उसकी माता के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने बेटे को सुरक्षित वापस पाकर मां की आंखें खुशी से नम हो गईं। परिजनों ने लालकुआं पुलिस की त्वरित, संवेदनशील और मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

