हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपदभर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखानी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गश्त और चेकिंग अभियान के दौरान एक तस्कर को 57 पाउच अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 29 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में थाना मुखानी पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सैफी फार्म मार्ग पर एक व्यक्ति अवैध कच्ची शराब लेकर जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 57 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामपाल (28 वर्ष) पुत्र बनारसी, निवासी गुजरोड़ा, फतेहपुर, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल के रूप में हुई। आरोपी के विरुद्ध थाना मुखानी में एफआईआर संख्या-95/2026 धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वर्ष 2026 में मुखानी पुलिस की नशे के खिलाफ कार्रवाई
मुखानी पुलिस द्वारा वर्ष 2026 में अब तक नशे के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 14 मुकदमे दर्ज कर 15 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इन मामलों में 551 टेट्रा पैक (लगभग 95 लीटर) देसी मसालेदार शराब, करीब 244 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा 48 बोतल बीयर बरामद की है।
वहीं एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक 05 मुकदमे दर्ज कर 06 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इन मामलों में पुलिस ने 215 ग्राम स्मैक, 399 ग्राम डोडा तथा 48 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं।
इस प्रकार वर्ष 2026 में थाना मुखानी पुलिस ने नशे के विरुद्ध अब तक कुल 19 अभियोग दर्ज कर 21 तस्करों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल पूरन सिंह एवं कांस्टेबल राजेश जोशी शामिल रहे।

