उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में ढिलाई नहीं होगी बर्दाश्त, अधिकारियों को फील्ड में उतरने के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को लेकर निर्वाचन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड प्रकाश चन्द्र दुमका ने मंगलवार को नगर निगम सभागार हल्द्वानी में जनपद नैनीताल के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, उपजिलाधिकारियों एवं निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। बैठक भौतिक एवं वर्चुअल दोनों माध्यमों से आयोजित की गई।

बैठक के दौरान संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि एसआईआर अभियान में लापरवाही, लेटलतीफी अथवा असंतोषजनक कार्य करने वाले कार्मिकों के विरुद्ध निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  बाघ की दहशत से पढ़ाई और रोजी-रोटी दोनों संकट में, तीन स्कूल बंद

समीक्षा के दौरान जनपद नैनीताल में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की प्रगति मात्र 48.5 प्रतिशत पाए जाने पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप एसआईआर अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। गणना प्रपत्र वितरण एवं सत्यापन कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण किया जाए तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट आयोग को भेजना सुनिश्चित किया जाए।

यह भी पढ़ें 👉  स्वच्छता अभियान में दिखी जनभागीदारी, नदी तटों और जलस्रोतों की हुई सफाई

बैठक में बूथवार कम प्रगति पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) प्रतिदिन सुबह सात बजे से फील्ड में जाकर निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बीएलओ की प्रतिदिन लोकेशन आधारित उपस्थिति दर्ज करने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बताया कि जिन बूथों पर एसआईआर अभियान की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां आने वाली तकनीकी एवं अन्य समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से निर्वाचन कार्यों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने की अपील करते हुए कहा कि एसआईआर अभियान को सुचारु और समयबद्ध ढंग से पूरा करना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

यह भी पढ़ें 👉  मुखानी में नाबालिग के साथ दरिंदगी का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

बैठक में निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी पारितोष वर्मा, एपी बाजपेयी, मोनिका, नवाजिश खालिक, गोपाल सिंह चौहान, अनुराग आर्य, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पाण्डे सहित एसआईआर अभियान से जुड़े सभी अधिकारी उपस्थित रहे।