हल्द्वानी – मिशन ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मुखानी पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे जिलाबदर अपराधी तपन दास को 20 अवैध नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पूर्व में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं तथा उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह महत्वपूर्ण कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 22 जून 2026 की शाम थाना मुखानी क्षेत्र में नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कमलुवागांजा रोड स्थित स्टील फैक्ट्री के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 अवैध नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान तपन दास (24 वर्ष) पुत्र विनोद दास निवासी गणपति विहार, शिव मंदिर के पास, कमलुवागांजा रोड, हरिपुर नायक, मुखानी के रूप में हुई। आरोपी का मूल निवास बिठौरिया नंबर-1, गैस गोदाम के सामने, थाना मुखानी क्षेत्र में है।
पुलिस जांच में सामने आया कि तपन दास एक आदतन अपराधी है। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पूर्व में उसके विरुद्ध गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी और जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल द्वारा उसे जिलाबदर भी किया गया था। इसके बावजूद वह लगातार फरार रहकर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त था।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी के खिलाफ चोरी, लूट, अवैध हथियार रखने तथा अन्य गंभीर अपराधों से संबंधित कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अब नशीले इंजेक्शनों की बरामदगी के बाद उसके खिलाफ थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 89/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा और नशा कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
गिरफ्तारी टीम में चौकी आरटीओ प्रभारी उपनिरीक्षक दीपा जोशी, कांस्टेबल रोहित कुमार तथा कांस्टेबल रवींद्र खाती शामिल रहे।

